जातिसूचक गालियां, बेल्ट से पिटाई और मोबाइल छीनी; पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को सौंपा पत्रक

आजमगढ़। जनपद के जहानागंज थाना क्षेत्र से पुलिस पर गंभीर आरोपों का मामला सामने आया है। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर निवासी शोभा प्रसाद (पुत्र स्व. नान्हू राम) ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि 8 अप्रैल 2026 को उन्हें एक सामाजिक विवाद के संबंध में जहानागंज थाने बुलाया गया था। प्रार्थना पत्र के अनुसार, परदेशी मोड़ निवासी आदित्य राज सहित कुछ लोगों द्वारा एक अनुसूचित जाति के व्यक्ति के खिलाफ कथित तौर पर जातिसूचक टिप्पणियां की जा रही थीं। इसी मामले में पैरोकारी के लिए थाने पहुंचे प्रार्थी का आरोप है कि वहां मौजूद दीवान गोविंद सिंह ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए जातिसूचक गालियां दीं। विरोध करने पर प्रार्थी का आरोप है कि थाने के पुलिसकर्मियों ने एकजुट होकर उनके साथ मारपीट की, बेल्ट से पिटाई की और उन्हें थाने के अंदर बंद कर दिया। साथ ही, उनके पास से करीब 2,022 रुपये नकद और मोबाइल फोन छीन लेने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़ित का कहना है कि मारपीट में घायल होने के बाद किसी तरह वहां से निकलकर उन्हें जिला अस्पताल, आजमगढ़ में भर्ती कराया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके कुछ साथी अभी भी थाने में बंद हैं और पुलिस द्वारा उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी जा रही है। प्रार्थी ने पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया और जान से मारने की आशंका भी जताई है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने तथा थाने के सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कर जांच में शामिल करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *