मुंडा ग्राम पंचायत में नाली सफाई, कूड़ा निष्पादन और दवा छिड़काव
आजमगढ़, 9 अप्रैल 2026:
स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत जिला पंचायत राज अधिकारी के निर्देश पर जनपद के विभिन्न विकासखंडों की ग्राम पंचायतों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत ग्रामीण सफाई कर्मचारियों द्वारा गांव-गांव में साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
इसी क्रम में विकासखंड पल्हनी के ग्राम पंचायत मुंडा में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान सफाई कर्मचारियों ने नालियों की सफाई की, कूड़ा हटाया, झाड़ू लगाई तथा संक्रामक रोगों से बचाव के लिए दवा का छिड़काव भी किया। कर्मचारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने घरों और आसपास नियमित सफाई रखें, जिससे मौसमी बीमारियों और संक्रमण के खतरे को कम किया जा सके।
अभियान में शामिल कर्मचारियों ने बताया कि वर्तमान समय में विभिन्न प्रकार के रोगों का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे बचाव के लिए स्वच्छता ही सबसे प्रभावी उपाय है। इसलिए सभी लोगों को साफ-सफाई के प्रति सजग रहना आवश्यक है।
इस मौके पर गुलाब चौरसिया, अभय चौहान, रागिनी सहित अन्य सफाई कर्मचारी मौजूद रहे, जिन्होंने मिलकर पूरे गांव में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने का कार्य किया।
