मुहम्मदपुर में प्रधान संघ ने बीडीओ के माध्यम से मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन
मुहम्मदपुर/आजमगढ़:
मुहम्मदपुर ब्लॉक क्षेत्र में शुक्रवार को प्रधान संघ की बैठक आयोजित की गई, जिसमें ग्राम प्रधानों ने पंचायत चुनाव समय पर न होने की स्थिति में अपने कार्यकाल को बढ़ाए जाने की मांग उठाई। बैठक की अध्यक्षता प्रधान संघ के अध्यक्ष जियालाल यादव ने की।
बैठक के उपरांत ग्राम प्रधानों ने खंड विकास अधिकारी मुहम्मदपुर के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि यदि पंचायत चुनाव समय पर नहीं कराए जाते हैं, तो ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाया जाए, ताकि गांवों में चल रहे विकास कार्य एवं जन कल्याणकारी योजनाएं प्रभावित न हों।
प्रधानों ने यह भी मांग की कि सरकार गांवों में प्रशासक नियुक्त न करे, क्योंकि प्रशासक नियुक्त होने की स्थिति में विकास कार्य बाधित हो सकते हैं और आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
इस अवसर पर प्रधान संघ के अध्यक्ष जियालाल यादव ने कहा कि पंचायत चुनाव में देरी होने पर कार्यकाल बढ़ाना आवश्यक है, ताकि गांवों का विकास कार्य सुचारू रूप से चलता रहे और जनता को किसी प्रकार की दिक्कत न हो।
