कैमूर। पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए कैमूर जिले के वरिष्ठ पत्रकार अमरेंद्र पांडेय को वर्ष 2026 का प्रतिष्ठित ‘पूर्वांचल रत्न अलंकरण’ प्रदान किया गया। यह सम्मान उत्तर प्रदेश पत्रकार परिषद द्वारा 12 अप्रैल 2026 को चंदौली जिले के पीडीडीयू नगर स्थित एक होटल में आयोजित भव्य समारोह में दिया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सीआरपीएफ के कमांडेंट श्यामसुंदर और परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश मिश्रा ने अमरेंद्र पांडेय को माला, अंगवस्त्र, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। समारोह में पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।

अमरेंद्र पांडेय बिहार के कैमूर जिले के रामपुर प्रखंड अंतर्गत खजुरा गांव के निवासी हैं। वे स्वर्गीय पंडित वशिष्ठ पांडेय के पुत्र हैं। साधारण पृष्ठभूमि से आने वाले अमरेंद्र पांडेय ने अपनी मेहनत, लगन और निष्पक्ष लेखनी के दम पर पत्रकारिता के क्षेत्र में एक अलग पहचान बनाई है।

पिछले करीब 15 वर्षों से वे देश के विभिन्न प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं से जुड़े रहे हैं। वर्तमान में वे एक राष्ट्रीय हिंदी दैनिक अखबार में चंदौली जिले के प्रभारी के रूप में कार्यरत हैं। उनकी पत्रकारिता जनसरोकारों से जुड़ी रही है, जिसमें समाज के दबे-कुचले वर्गों की आवाज को प्रमुखता से उठाया गया है।

मुख्य अतिथि श्यामसुंदर ने कहा कि अमरेंद्र पांडेय की लेखनी समाज को दिशा देने वाली है और उनकी खबरें आम लोगों की समस्याओं को सामने लाती हैं। वहीं, राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश मिश्रा ने उनकी पत्रकारिता को निष्पक्ष, निर्भीक और जनहित के प्रति समर्पित बताते हुए नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

गौरतलब है कि अमरेंद्र पांडेय को इससे पहले भी कई राष्ट्रीय स्तर के पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है, जो उनकी सशक्त और जिम्मेदार पत्रकारिता का प्रमाण है।

 

AKCLIVENEWS18

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *