आज़मगढ़।संवाददाता न्यूज़।।
आतंक और आतंकवाद के ख़िलाफ़ भारत-भारती का जनमानस जाग चुका है,ऑपरेशन सिन्दूर इसका जीवन्त प्रमाण है।
ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगाँठ पर 99 यू0पी0 बटालियन एन सी सी आज़मगढ़ के सावित्री बाई फुले राजकीय पॉलिटेक्निक परिसर स्थित जनपद मुख्यालय पर डी0 ए0 वी0 महाविद्यालय और शिब्ली पी जी कॉलेज के एन सी सी कैडेटों ने प्रातः तिरँगे को सैल्यूट करते हुए जन गण मन की धुन से सजे राष्ट्रगान गायन से वातावरण को देशभक्ति से गुंजायमान कर दिया।
कैडेटों ने बटालियन से मण्डलीय चिकित्सालय और मुकेरीगंज भ्रमण करते हुए देशभक्ति के नारों से लोगों को राष्ट्रभक्ति के चिंतन से चेतनायुक्त किया।
रैली से वापस लौटकर ऑपरेशन सिंदूर की महत्ता पर एक वैचारिक गोष्ठी सम्पन्न हुई जिसमें शहीदों को नमन करते हुए भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम की गाथा से कैडेटों को अवगत कराते हुए ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना का महत्व समझाया गया।
बटालियन से सम्बद्ध चंडेश्वर, मालटारी,मोहम्मदाबाद, तेन्दुआईकलां, चितबहाल आदि कॉलेजों में भी ऑपरेशन सिन्दूर पर विविध कार्यक्रम आयोजित किये गए।
इस अवसर पर कॉलेजों के सहयुक्त एन सी सी अधिकारी, पी0आई0 स्टाफ एवं एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे।
