आजमगढ़। सड़क सुरक्षा और ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण के उद्देश्य से मंगलवार को यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग ने संयुक्त रूप से विशेष चेकिंग अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के निर्देशन में बागेश्वर चौराहा एवं भवरनाथ चौराहे पर चलाए गए अभियान के दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने वाले दोपहिया वाहनों की सघन जांच की गई।

यातायात पुलिस और संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 11 वाहनों का चालान किया तथा कुल 10 हजार रुपये शमन शुल्क अधिरोपित किया। वहीं नियमों का उल्लंघन करने वाले 5 वाहनों को सीज कर दिया गया।

अभियान के दौरान अवैध रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर और सायरन बेचने वाले दो दुकानदारों को भी नोटिस जारी किया गया। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि भविष्य में इस प्रकार की सामग्री की बिक्री करते पाए जाने पर कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें तथा मानक अनुरूप उपकरणों का ही प्रयोग करें, जिससे सड़क सुरक्षा एवं सार्वजनिक शांति व्यवस्था बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *