मुगलसराय पुलिस की बड़ी सफलता, अवैध तमंचा और कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार

चंदौली। मुगलसराय थाना पुलिस ने यक्ष ऐप के माध्यम से चल रही संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग अभियान के दौरान एक युवक को अवैध असलहा एवं कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी तमंचा (.315 बोर) और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार, पड़ाव चौराहे पर पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक युवक पुलिस को देखकर घबरा गया और वहां से हटने का प्रयास करने लगा। शक होने पर पुलिस टीम ने उसे रोककर यक्ष ऐप के माध्यम से उसकी पहचान सत्यापित की।

पूछताछ में युवक ने अपना नाम अनुज सिंह (24 वर्ष), निवासी सुरहन, थाना दीदारगंज, जनपद आजमगढ़ बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से अवैध देशी तमंचा एवं दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।

इस मामले में थाना मुगलसराय पर आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह तमंचा और कारतूस आजमगढ़ से खरीदकर बिहार के सिवान ले जा रहा था। उसने यह भी स्वीकार किया कि उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में जलीलपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अजय कुमार, हेड कांस्टेबल रजनीश राय एवं कांस्टेबल हर्ष गोस्वामी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *