रौनापार (आजमगढ़)। विधानसभा क्षेत्र 345-सगड़ी के रौनापार स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क में आयोजित विशाल “गन्ना किसान महापंचायत” में क्षेत्रीय विधायक एच.एन. पटेल की अगुवाई में किसानों के मुद्दों को लेकर जोरदार आवाज उठाई गई। महापंचायत में मा. सांसद धर्मेन्द्र यादव, विधायक नफीस अहमद, विधायक पूजा सरोज, विधायक अखिलेश यादव, एमएलसी गुड्डू जमाली, समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष हवलदार यादव, उप जिलाध्यक्ष विवेक सिंह सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में किसानों ने सहभागिता की।
महापंचायत में वक्ताओं ने गन्ना किसानों के साथ हो रहे शोषण, अत्याचार एवं अन्याय के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प व्यक्त किया। किसानों की विभिन्न समस्याओं, गन्ना मूल्य भुगतान, बढ़ती कृषि लागत तथा किसान हितों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
विधायक एच.एन. पटेल ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनके अधिकारों की रक्षा करना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा किसानों के सम्मान, अधिकार और उनके संघर्ष के साथ खड़ी रही है तथा आगे भी किसानों के हितों की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ती रहेगी।
मा. सांसद धर्मेन्द्र यादव ने किसानों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि अन्नदाता के सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। किसानों की समस्याओं को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रहेगा।
महापंचायत में उपस्थित नेताओं ने किसानों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं और मांगों को मजबूती के साथ उठाया जाएगा। कार्यक्रम में क्षेत्र के हजारों किसानों एवं समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
