पीडीडीयू नगर में मलबा हटाने के दौरान बड़ा हादसा, तीन मजदूरों के दबने की आशंका

चंदौली। पीडीडीयू नगर क्षेत्र में रविवार को एक मकान का मलबा हटाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मलबे के नीचे तीन मजदूरों के दबने की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पर प्रशासन तत्काल सक्रिय हो गया। एसडीएम समेत पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया।

मुगलसराय थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह भी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर स्वयं मोर्चा संभाले हुए हैं। पुलिस और बचाव दल मलबे को हटाकर यह पता लगाने में जुटे हैं कि कहीं मजदूर अभी भी मलबे के नीचे दबे तो नहीं हैं।

प्रशासन द्वारा जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से तेजी से रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। मौके पर मौजूद अधिकारी हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं।

फिलहाल मलबे में दबे मजदूरों की स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है और प्रशासन का पूरा अमला मौके पर डटा हुआ है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *