संवाददाता | आजमगढ़

आजमगढ़ जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में आवारा पशु को बचाने के प्रयास में बाइक डिवाइडर से टकरा गई। दुर्घटना में एक महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उसकी बेटी और बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का अस्पताल में उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार अतरौलिया थाना क्षेत्र के छितौनी खास गांव निवासी पूजा यादव (34) अपनी 12 वर्षीय बेटी सौम्या यादव और बाइक चालक इंद्रेश यादव (25) के साथ जिला मुख्यालय से दवा लेकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान कप्तानगंज थाना क्षेत्र के छातापुर गांव के पास एनएच-233 हाईवे पर अचानक एक छुट्टा पशु सड़क पर आ गया।

बाइक चला रहे इंद्रेश यादव ने पशु को बचाने का प्रयास किया, लेकिन संतुलन बिगड़ने से बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजा।

जिला अस्पताल में पूजा यादव की हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें अतरौलिया स्थित अमर शहीद राजा जयलाल सिंह 100 शैय्या संयुक्त अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, सौम्या यादव और इंद्रेश यादव का इलाज जारी है।

थाना प्रभारी जयप्रकाश ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।

हादसे ने फिर उठाए सवाल

इस दुर्घटना के बाद एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्गों और प्रमुख सड़कों पर घूम रहे छुट्टा पशुओं की समस्या चर्चा में आ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से हाईवे पर आवारा पशुओं पर प्रभावी नियंत्रण और सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *