आजमगढ़। बढ़ते बिजली बिल और ऊर्जा बचत को लेकर सरकार द्वारा सोलर पैनल योजना को तेजी से बढ़ावा दिया जा रहा है। इस संबंध में अधिशासी अभियंता राजकुमार सिंह ने कहा कि उपभोक्ता सोलर पैनल लगाकर अपने बिजली खर्च में काफी कमी ला सकते हैं और भविष्य में बिजली बिल के बोझ से राहत पा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि कई उपभोक्ताओं की शिकायत रहती है कि उनका बिजली बिल अपेक्षा से अधिक आ रहा है। ऐसे में सरकार की सोलर रूफटॉप योजना आम लोगों के लिए लाभकारी साबित हो सकती है। घरों, दुकानों और संस्थानों की छतों पर सोलर पैनल लगाकर उपभोक्ता स्वयं बिजली उत्पादन कर सकते हैं, जिससे मासिक बिल में उल्लेखनीय कमी आएगी।
अधिशासी अभियंता ने कहा कि सोलर पैनल पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आर्थिक बचत का भी बेहतर माध्यम है। सरकार द्वारा सोलर पैनल स्थापना पर विभिन्न श्रेणियों में अनुदान और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे आम नागरिक आसानी से इस योजना का लाभ उठा सकें।
उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे अनावश्यक बिजली खपत कम करें, ऊर्जा दक्ष उपकरणों का उपयोग करें और सोलर ऊर्जा को अपनाकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कदम बढ़ाएं। उन्होंने यह भी कहा कि विभाग उपभोक्ताओं को योजना संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने और आवेदन प्रक्रिया में सहयोग देने के लिए तैयार है।
राजकुमार सिंह के अनुसार, सोलर ऊर्जा अपनाने से न केवल बिजली बिल कम होगा बल्कि प्रदेश की ऊर्जा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी और स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा।
