डीडीयू जंक्शन पर ट्रेन से 28 लाख रुपये बरामद, आयकर विभाग को सौंपी गई नकदी
डीडीयू नगर/चंदौली। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर जीआरपी, आरपीएफ और आरपीएफ सीआईबी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोलकाता मेल एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे दो संदिग्ध यात्रियों के पास से 28 लाख रुपये नकद बरामद किए। बरामद राशि के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने पर पूरी नकदी और दोनों यात्रियों को आगे की जांच के लिए आयकर विभाग के सुपुर्द कर दिया गया।
रेलवे स्टेशन, सर्कुलेटिंग एरिया एवं ट्रेनों में अपराध नियंत्रण और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शुक्रवार को जीआरपी डीडीयू प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह, आरपीएफ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक अनीता कुमारी तथा आरपीएफ सीआईबी प्रभारी निरीक्षक अर्जुन कुमार यादव के नेतृत्व में संयुक्त टीम स्टेशन पर सघन चेकिंग अभियान चला रही थी।
इसी दौरान आरपीएफ यार्ड पोस्ट प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार ने सूचना दी कि ट्रेन संख्या 12322 कोलकाता मेल एक्सप्रेस के एस-3 कोच की सीट संख्या 41 एवं 43 पर बैठे दो यात्री एक पिट्ठू बैग में भारी मात्रा में नकदी लेकर यात्रा कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही संयुक्त टीम ने ट्रेन में पहुंचकर दोनों यात्रियों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग से 28 लाख रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ में दोनों यात्री नकदी के स्रोत के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके और न ही कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत कर पाए।
पकड़े गए दोनों व्यक्तियों की पहचान राहुल सोनी (38 वर्ष) निवासी दामोहनाका, कोतवाली, जबलपुर (मध्य प्रदेश) तथा पुष्प कुमार उसरेटे (23 वर्ष) निवासी हनुमानताल, जबलपुर (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है।
जीआरपी ने तत्काल मामले की सूचना आयकर विभाग, वाराणसी को दी। इसके बाद आयकर विभाग की टीम जीआरपी थाने पहुंची और 28 लाख रुपये नकद, बैग तथा दोनों व्यक्तियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई एवं जांच के लिए अपने सुपुर्द ले लिया।
फिलहाल आयकर विभाग नकदी के स्रोत, उसके परिवहन की वैधता तथा उससे जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रहा है।
रिपोर्ट : AKC 18 LIVE NEWS | डीडीयू नगर ब्यूरो
#DDUJunction #Chandauli #GRP #RPF #IncomeTax #CashSeizure #KolkataMail #BreakingNews #AKC18LiveNews #RailwayNews
