आजमगढ़। अधिवक्ताओं की कार्यप्रणाली को डिजिटल और आधुनिक बनाने की दिशा में आजमगढ़ में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। अधिवक्ताओं के दैनिक न्यायिक कार्यों को सरल, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से विकसित अत्याधुनिक eMunshi ऐप का भव्य लॉन्चिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस ऐप को तकनीकी संस्था रेयररेज लैब्स (RareRage Labs) द्वारा विकसित किया गया है।

प्रेस वार्ता में ऐप की जानकारी देते हुए इंजीनियर अमृतांश राय ने कहा कि वर्तमान समय पूरी तरह डिजिटल तकनीक का युग है। ऐसे में अधिवक्ताओं के लिए भी आधुनिक तकनीक से जुड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि eMunshi ऐप केस डायरी प्रबंधन, मुकदमों की तारीखों का रिकॉर्ड, अदालती दस्तावेजों का सुरक्षित रखरखाव तथा अन्य कानूनी कार्यों को व्यवस्थित करने में मील का पत्थर साबित होगा।

उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यम अपनाने से अधिवक्ताओं का समय बचेगा, कार्यक्षमता बढ़ेगी और न्यायिक कार्य अधिक सुव्यवस्थित होंगे। साथ ही उन्होंने इस अभिनव और जनोपयोगी ऐप को विकसित करने के लिए रेयररेज लैब्स की पूरी टीम को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की गई

इस अवसर पर रेयररेज लैब्स के प्रतिनिधि कंधरापुर क्षेत्र के कुआं देवचंद पट्टी निवासी इंजीनियर अमृतांश राय, इंजीनियर अंकित तिवारी और इंजीनियर सौरभ कुमार ने ऐप का लाइव डिमॉन्स्ट्रेशन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि इस ऐप के माध्यम से अधिवक्ता अपने सभी मुकदमों की तारीखें, केस फाइलें और आवश्यक दस्तावेज डिजिटल रूप से सुरक्षित रख सकेंगे। इससे कागजी कार्यवाही में कमी आएगी, रिकॉर्ड प्रबंधन अधिक आसान होगा तथा आवश्यक जानकारी कुछ ही क्षणों में उपलब्ध हो सकेगी।

उन्होंने यह भी बताया कि ऐप में डेटा सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है, जिससे अधिवक्ताओं के संवेदनशील कानूनी रिकॉर्ड पूरी तरह सुरक्षित रहेंगे। इसके अलावा समय-समय पर आवश्यक अपडेट और नए फीचर्स भी जोड़े जाएंगे ताकि अधिवक्ताओं को बेहतर डिजिटल सेवाएं मिलती रहें।

कार्यक्रम के दौरान यह जानकारी भी दी गई कि eMunshi ऐप अब गूगल प्ले स्टोर पर डाउनलोड के लिए उपलब्ध है, जिससे अधिवक्ता आसानी से अपने मोबाइल फोन पर इसे इंस्टॉल कर इसका लाभ उठा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *