आजमगढ़। “आनंदी माँ – एक जीवन बचाओ अभियान” के तहत स्त्री वेलफेयर फाउंडेशन के तत्वावधान में आजमगढ़ डेंटल कॉलेज में सर्विक्स कैंसर वैक्सीनेशन जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्या डॉ. अरुणा दास ने की।
सेमिनार को सफल बनाने में डॉ. विपिन यादव (जिला संयोजक) एवं श्रीमती पूजा सिंह (पूर्वांचल संयोजक एवं उत्तर प्रदेश मीडिया प्रभारी, स्त्री वेलफेयर फाउंडेशन) की प्रमुख भूमिका रही। कार्यक्रम में सह-आयोजक के रूप में दुर्गा शक्ति सेवा ट्रस्ट तथा उपजा (यूपी जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन) का सहयोग रहा।
कार्यक्रम में ANM, GNM, डेंटल एवं बीएससी की लगभग 700 छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों ने भाग लिया। इस दौरान सर्विक्स कैंसर, HPV वायरस और बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी गई। प्रतिभागियों ने वैक्सीनेशन के प्रति रुचि दिखाई और पंजीकरण कराने की इच्छा भी जताई।
डॉ. विपिन यादव ने HPV वायरस, सर्विक्स कैंसर के जोखिम, समय पर टीकाकरण की आवश्यकता तथा वैक्सीन की डोज़ के शेड्यूल के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं प्रधानाचार्या डॉ. अरुणा दास ने कहा कि भविष्य में भी कॉलेज में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक छात्राएं सर्विक्स कैंसर से बचाव के लिए टीकाकरण करा सकें।
कार्यक्रम की आयोजक श्रीमती पूजा सिंह ने कहा कि अभियान का उद्देश्य उत्तर प्रदेश, पूर्वांचल और आजमगढ़ को सर्विक्स कैंसर मुक्त बनाने की दिशा में जनजागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने सभी से इस जनहित अभियान से जुड़कर सहयोग करने की अपील की।
आयोजकों ने बताया कि “आनंदी माँ – एक जीवन बचाओ अभियान” के तहत भविष्य में भी विभिन्न शिक्षण संस्थानों में जागरूकता सेमिनार एवं वैक्सीनेशन अभियान निरंतर चलाए जाएंगे।
