आज़मगढ़, 22 जुलाई। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर किसानों को डी.ए.पी. खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कराने तथा स्मार्ट मीटर के नाम पर आम जनता के आर्थिक शोषण के विरोध में बुधवार को ज़िला कांग्रेस कमेटी, आज़मगढ़ द्वारा राज्यपाल महोदया को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा गया।इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक तरीके से किसानों और आम जनता की समस्याओं को उठाने के कार्यक्रम से पहले ही पुलिस प्रशासन ने ज़िला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री कौशल कुमार सिंह ‘मुन्ना राय’ को उनके आवास पर नज़रबंद (हाउस अरेस्ट) कर दिया, ताकि वे निर्धारित कार्यक्रम में शामिल न हो सकें। कांग्रेस नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की।
ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस ने कहा कि वर्तमान समय में खरीफ फसलों की बुआई एवं धान की रोपाई का कार्य चल रहा है, लेकिन प्रदेश के अनेक जनपदों, विशेषकर आज़मगढ़ में डी.ए.पी. खाद की भारी कमी के कारण किसानों को घंटों कतारों में खड़ा रहना पड़ रहा है। पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध न होने से खेती का कार्य प्रभावित हो रहा है तथा किसानों की आर्थिक एवं मानसिक परेशानियाँ बढ़ती जा रही हैं।
ज्ञापन में प्रदेश में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों को लेकर भी गंभीर चिंता व्यक्त की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं द्वारा स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि, बिलिंग संबंधी अनियमितताओं तथा प्रीपेड व्यवस्था से जुड़ी व्यावहारिक कठिनाइयों की शिकायतें लगातार प्राप्त हो रही हैं। ऐसी स्थिति में बिना पारदर्शी एवं विश्वसनीय व्यवस्था सुनिश्चित किए स्मार्ट मीटर लागू करना जनहित के विरुद्ध है।
कांग्रेस ने राज्यपाल महोदया से मांग की कि प्रदेश में डी.ए.पी. उर्वरक की पर्याप्त एवं निर्बाध उपलब्धता तत्काल सुनिश्चित कराई जाए, उर्वरकों की कालाबाज़ारी एवं जमाखोरी पर कठोर कार्रवाई हो, किसानों को निर्धारित मूल्य पर आसानी से खाद उपलब्ध कराई जाए, स्मार्ट मीटर से संबंधित शिकायतों की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए, जांच पूरी होने तक स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर रोक अथवा उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए अंतरिम व्यवस्था की जाए तथा बिजली बिलों की अनियमितताओं का शीघ्र निराकरण कर पारदर्शी एवं जवाबदेह विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
ज़िला कांग्रेस कमेटी ने कहा कि किसानों और आम जनता के हितों की लड़ाई आगे भी पूरी मजबूती से जारी रहेगी तथा जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस सड़क से सदन तक संघर्ष करती रहेगी।
इस दौरान गिरीश चंद्र चतुर्वेदी , सुरेंद्र सिंह ,तेज बहादुर यादव ,रामगणेश प्रजापति , अंसार अहमद , बेलाल बेग ,मुन्नू यादव , अजीत राय , संतोष सिंह , मिर्ज़ा शाने आलम बेग , पूर्णमासी प्रजापति , सीमा भारती , ओम प्रकाश सरोज , प्रदीप यादव , मंतराज यादव ,संतोष सिंह, क़ाज़ी अकीलुर्रहमान , केदारनाथ मौर्य सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे ।
ज़िला कांग्रेस कमेटी , आज़मगढ़
