आजमगढ़। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को आजमगढ़ में राष्ट्रभक्ति का शानदार नजारा देखने को मिला। वेदांता स्कूल ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंस, लच्छीरामपुर की ओर से 300 मीटर लंबे तिरंगे के साथ भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं संस्थान के स्टाफ ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों से पूरा मार्ग राष्ट्रभक्ति से सराबोर रहा।

 

तिरंगा यात्रा को वेदांता हॉस्पिटल के डायरेक्टर विशाल जायसवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा राष्ट्र के प्रति हमारी भावना, सम्मान और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की।

 

वेदांता ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर ऋत्विक जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ अभियान के तहत लोगों को जागरूक करने और जन-जन में राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से यात्रा निकाली गई।

 

यात्रा वेदांता स्कूल ऑफ नर्सिंग, लच्छीरामपुर से शुरू होकर वेदांता हॉस्पिटल, मुकेरीगंज, पहाड़पुर, तकिया चौक, मातबरगंज, पुरानी सब्जी मंडी, पांडेय बाजार और शिब्ली नेशनल कॉलेज होते हुए वापस स्कूल परिसर पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ।

 

इस दौरान 300 मीटर लंबे विशाल तिरंगे ने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। छात्र-छात्राओं ने तिरंगा थामकर देशभक्ति के नारे लगाए। कार्यक्रम कॉलेज की प्राचार्या डॉ. रीना पांडेय के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। आयोजन को सफल बनाने में शशांक श्रीवास्तव, अविनाश सिंह, श्रुति कुशवाहा, हेमंत पांडेय, मनोज यादव, खुशबू मोदनवाल, आकांक्षा राव, सुधा मद्धेशिया, कृष्णकांत यादव, अश्विन यादव, विकास सिंह सहित समस्त स्टाफ का योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *