चंदौली: केडी सिंह बाबू स्टेडियम लखनऊ में 22 से 28 सितम्बर 2026 तक आयोजित माध्यमिक विद्यालय राज्यस्तरीय बालिका एवं बालक बॉक्सिंग प्रतियोगिता में चंदौली जनपद के नन्द बॉक्सिंग एकेडमी के दो खिलाड़ी कुसुम यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीती तो रुद्र प्रताप यादव ने सिल्वर मेडल जीतकर जनपद का नाम रोशन किया।
चंदौली एमेच्योर बॉक्सिंग एसोसिएशन (नन्द बॉक्सिंग एकेडमी) के जिला महासचिव एवं एनआईएस कोच कुमार नन्दजी ने बताया कि राज्यस्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से प्रतिभावान बालक एवं बालिका वर्ग के बॉक्सरों ने प्रतिभाग किया। कुसुम यादव ने सेमीफाइनल मुकाबले में मेरठ से तथा फाइनल मुकाबले में गोरखपुर की खिलाड़ी को हराते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम की जबकि रुद्र प्रताप यादव ने सेमीफाइनल में लखनऊ से तथा फाइनल में मेरठ के खिलाड़ी को हराकर सिल्वर मेडल जीत दर्ज की।
कुसुम यादव व रुद्र प्रताप यादव की इस उपलब्धि पर चंदौली एमेच्योर बॉक्सिंग एसोसिएशन (नन्द बॉक्सिंग एकेडमी) के जिला महासचिव एवं एनआईएस कोच कुमार नन्दजी, जिला माध्यमिक विद्यालय क्रीड़ा सचिव अरुण कुमार, जिला बॉक्सिंग संघ की अध्यक्ष विनीता अग्रहरी तथा सभी बॉक्सिंग खिलाड़ियों ने बधाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *