नेहरू हाल में जुटे हजारों लोग, समाजवादी विचारधारा और सामाजिक न्याय के रास्ते पर चलने का लिया संकल्प
आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के संस्थापक, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व रक्षा मंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की चौथी पुण्यतिथि पर शनिवार, 10 अक्टूबर को नेहरू हाल कलेक्ट्रेट परिसर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों ने नेताजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया। कार्यक्रम में समाजवादी विचारधारा, सामाजिक न्याय, गरीबों, किसानों, पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों के अधिकारों को लेकर उनके संघर्षों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत बिरहा गायकों द्वारा मुलायम सिंह यादव के संघर्षपूर्ण जीवन और सामाजिक योगदान पर आधारित गीतों की प्रस्तुति से हुई। नेहरू हाल के अंदर और बाहर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
नेताजी के विचार आज भी प्रासंगिक : हवलदार यादव
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने भारतीय राजनीति में अपनी अलग पहचान स्थापित की। उनके विचारों, आदर्शों और संघर्षों से प्रेरणा लेकर ही देश को खुशहाल एवं समृद्ध बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि नेताजी के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव उनके संघर्षों और विचारों को आगे बढ़ा रहे हैं। पार्टी पीडीए के लोगों को सामाजिक न्याय दिलाने के लिए संकल्पबद्ध है।
पूर्व मंत्री एवं विधायक दुर्गा प्रसाद यादव ने कहा कि मुलायम सिंह यादव युगपुरुष थे। उन्होंने गरीबों, दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों पर होने वाले अन्याय एवं अत्याचार के खिलाफ हमेशा संघर्ष किया। उनके प्रयासों से देश में सामाजिक न्याय की ताकतों को मजबूती मिली।
एमएलसी शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली ने कहा कि नेताजी ने देश की एकता और अखंडता बनाए रखने के साथ संविधान एवं लोकतंत्र की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण फैसले लिए। वह धर्मनिरपेक्ष और मानवतावादी विचारधारा के समर्थक थे।
27 गरीब छात्राओं को वितरित की गईं साइकिलें
पुण्यतिथि कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण प्रसिद्ध चिकित्सक, समाजसेवी एवं राजनीतिज्ञ डॉ. अमित सिंह की ओर से 27 गरीब छात्राओं को साइकिल वितरण रहा। उन्होंने छात्राओं को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करते हुए साइकिलें प्रदान कीं।
डॉ. अमित सिंह ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने अपने कार्यकाल में छात्राओं की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए साइकिल वितरण जैसी पहल की थी। नेताजी के विचारों से प्रेरणा लेकर उन्होंने उनकी पुण्यतिथि पर गरीब छात्राओं को साइकिल देने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि नेताजी का मानना था कि जो व्यक्ति गरीबों के दुख-दर्द में शामिल नहीं होता और जिसके भीतर संवेदना नहीं है, वह सच्चा समाजवादी नहीं हो सकता। उन्होंने नेताजी के विचारों को आत्मसात कर समाज के जरूरतमंद लोगों की मदद करने का आह्वान किया। साइकिलें पाकर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कई जनप्रतिनिधियों ने व्यक्त किए विचार
श्रद्धांजलि सभा को विधायक डॉ. संग्राम यादव, नफीस अहमद, अखिलेश यादव, पूजा सरोज, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव, पूर्व मंत्री चंद्रदेव राम यादव करैली तथा जिला महासचिव हरि प्रसाद दुबे सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। सभी ने नेताजी के राजनीतिक संघर्ष, सामाजिक योगदान और समाजवादी विचारधारा को याद करते हुए उनके बताए रास्ते पर चलने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन समाजवादी पार्टी अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव अजीत कुमार राव ने किया।
इस अवसर पर विधायक डॉ. एच.एन. सिंह पटेल, पूर्व सांसद नंदकिशोर यादव, पूर्व विधायक अभय नारायण पटेल, पूर्व प्रत्याशी जयराम सिंह पटेल, संतोष कुमार गौतम, पप्पू कुमार यादव, डॉ. हरिराम यादव, सूरज राजभर, जगदीश प्रसाद, शिवसागर यादव, वीरू यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
