चन्दौली: क्रूरतापूर्वक बांधकर रखे गए दो गोवंश मुक्त, एक आरोपी गिरफ्तार
शहाबगंज पुलिस ने केरायगांव के खंडहरनुमा मकान में की कार्रवाई, बिहार में गोवंश बेचने का करता था काम
चन्दौली। जनपद में गोवंशों की तस्करी एवं पशु क्रूरता के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शहाबगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने ग्राम केरायगांव में एक खंडहरनुमा छप्पर से क्रूरतापूर्वक बांधकर रखे गए दो गोवंशों को मुक्त कराया है। साथ ही मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिलने पर शहाबगंज पुलिस टीम ने ग्राम केरायगांव में छापेमारी की। इस दौरान दो गोवंश बेहद क्रूर तरीके से बांधकर रखे गए मिले। पुलिस ने दोनों गोवंशों को मुक्त कराते हुए मौके से महाउद्दीन उर्फ महाऊ (56 वर्ष), पुत्र गुलाम नबी, निवासी ग्राम केरायगांव को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में हुआ खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गांव के बाहर तालाब के किनारे अपना नया मकान बनवा चुका है और पुराने खंडहरनुमा मकान में नहीं रहता था। आरोप है कि वह पैसों के लालच में छुट्टा गोवंशों को पकड़कर पुराने मकान के छप्पर में बांध देता था और पुलिस से बचने के लिए भोर में पैदल ही उन्हें बिहार ले जाकर बेच देता था।
इस मामले में थाना शहाबगंज में मु0अ0सं0 130/2026 के तहत गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5A/8 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ वर्ष 2007 में भी गोवध निवारण अधिनियम एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था।
पुलिस टीम की भूमिका
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक राजेन्द्रनाथ सिंह, कमलाकान्त, शिवपूजन सिंह सहित हेड कांस्टेबल इरशाद अंसारी, कांस्टेबल अजय पटेल, रविरंजन यादव, नियाज अहमद एवं महिला कांस्टेबल नीतू भारती शामिल रहीं।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में गोवंशों की अवैध खरीद-फरोख्त एवं पशु क्रूरता के मामलों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
AKCLIVENEWS18
