चंदौली। जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने गैस सिलेंडर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 30 चोरी के इण्डेन गैस सिलेंडर, एक टाटा मैजिक गाड़ी, नकदी और चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 29 अक्टूबर की देर रात अलीनगर पुलिस टीम मानसनगर कॉलोनी स्थित इण्डेन गैस गोदाम के पास गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गोदाम के पास से खड़खड़ाहट की आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि एक युवक गोदाम में सेंध लगाकर गैस सिलेंडर चोरी कर रहा था। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहित खरवार के रूप में हुई। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उसके भाई मोहित खरवार, साथी रतन गौड़ और चोरी के सिलेंडर खरीदने के आरोप में सुधीर सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 30 इण्डेन गैस सिलेंडर बरामद किए, जिनमें 19 सिलेंडर गैस गोदाम से और 11 सिलेंडर ग्राम पटनवा निवासी सुधीर सिंह के घर से मिले। इसके अलावा एक टाटा मैजिक गाड़ी (UP65MT3612), घटना में प्रयुक्त लोहे का पेचकस, 6,400 रुपये नकद और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों में रोहित खरवार (23), मोहित खरवार (19), रतन गौड़ (20) और सुधीर सिंह (46) शामिल हैं। पुलिस ने थाना अलीनगर में मुकदमा अपराध संख्या 664/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस पूरी कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह के नेतृत्व में अलीनगर पुलिस टीम ने अंजाम दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में गैस सिलेंडर चोरी की घटना का खुलासा हुआ है।
AKCLIVENEWS18
संवाददाता : हयात हुसैन अंसारी
