मुगलसराय। सदस्य उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं पूर्व अध्यक्ष शहर कांग्रेस कमेटी मुगलसराय तथा पूर्व सभासद रामजी गुप्ता ने नगर पालिका अध्यक्ष एवं अधिशासी अधिकारी को मांग पत्र सौंपकर काली महाल चौराहा स्थित पार्क में भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी के नाम से सेल्फी प्वाइंट बनवाने की मांग की है।

रामजी गुप्ता ने बताया कि 16 अप्रैल 1998 को काली महाल चौराहा स्थित पार्क का निर्माण कराया गया था। इसी के साथ भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की आदमकद प्रतिमा भी स्थापित कराई गई थी। वर्तमान में यह स्थान जनमानस के बीच ‘राजीव गांधी चौराहा’ के नाम से प्रसिद्ध है।

उन्होंने बताया कि नगर पालिका परिषद की ओर से वर्तमान में उक्त पार्क के सुंदरीकरण का कार्य कराया जा रहा है। सुंदरीकरण कार्य के आगणन एवं निविदा में राजीव गांधी के नाम से सेल्फी प्वाइंट का निर्माण भी शामिल है। ऐसे में इस ऐतिहासिक स्थल की पहचान और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए सेल्फी प्वाइंट का नाम पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी के नाम पर ही रखा जाना चाहिए।

रामजी गुप्ता ने नगर पालिका अध्यक्ष एवं अधिशासी अधिकारी से मांग की कि पार्क के सुंदरीकरण कार्य के अंतर्गत पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी के नाम से सेल्फी प्वाइंट का निर्माण कराया जाए, ताकि इस ऐतिहासिक स्थल की पहचान और गरिमा बनी रहे। उन्होंने कहा कि इस पहल से नगरवासियों की भावनाओं का सम्मान होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *