चंदौली। दीपावली के पावन पर्व पर चंदौली पुलिस ने मोबाइल खोने वाले 111 लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौटाकर उन्हें यादगार तोहफा दिया। पुलिस ने विभिन्न स्थानों से बरामद 33 लाख 30 हजार रुपये कीमत के 111 मल्टीमीडिया मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंपे। लंबे समय बाद अपना खोया हुआ मोबाइल पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने चंदौली पुलिस की कार्यशैली की सराहना की।

शनिवार को पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने मोबाइल फोन उनके मालिकों को सौंपे। बताया गया कि जनसुनवाई के दौरान मोबाइल गुम होने की शिकायतें प्राप्त हुई थीं। इस पर एसपी ने CEIR पोर्टल के माध्यम से गुमशुदा मोबाइल फोन की तलाश कर बरामदगी के निर्देश दिए थे। इसके बाद विभिन्न थानों की पुलिस तथा स्वाट और सर्विलांस टीम ने तकनीकी सहायता से मोबाइल फोन बरामद करने में सफलता हासिल की।

बरामद मोबाइल फोन में मुगलसराय क्षेत्र के 22, सकलडीहा के 19, चंदौली के 16, चकिया के 12, बबुरी के 9 और चकरघट्टा के 7 मोबाइल शामिल हैं। शेष मोबाइल अन्य थाना क्षेत्रों से बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक छह चरणों में कुल 630 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को लौटाए जा चुके हैं। इन सभी मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 85 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है।

दीपावली के अवसर पर पुलिस की इस सराहनीय पहल से मोबाइल स्वामियों को बड़ी राहत मिली। लोगों ने पुलिस अधीक्षक सहित बरामदगी अभियान में जुटी पुलिस टीम का आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *