आज़मगढ़। भारतीय संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने के उद्देश्य से 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर शिब्ली नेशनल कॉलेज, आज़मगढ़ में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ संयोजक प्रो. आसिफ कमाल के निर्देशन में बी.एड. विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर मोहम्मद उजैर द्वारा स्वागत संबोधन के साथ हुआ। उन्होंने सभागार में उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं का स्वागत किया। इस अवसर पर छात्र रामनरेश यादव एवं प्रियांशु पाण्डेय ने भारतीय संविधान के निर्माण में संविधान सभा के योगदान तथा प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. भीमराव अंबेडकर की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने ऐसे संविधान के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया, जो देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता एवं न्याय का अधिकार प्रदान करता है। भारतीय संविधान केवल शासन संचालन का दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की विविधता, सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रीय एकता का भी मजबूत आधार है।

इस अवसर पर असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. जफर आलम ने भारतीय संविधान की मूल भावना ‘विविधता में एकता’ पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भारत विभिन्न धर्मों, जातियों, भाषाओं एवं संस्कृतियों वाला देश है, लेकिन संविधान सभी नागरिकों को एक सूत्र में बांधता है। हमारी विविधताएं कमजोरी नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक समृद्धि और राष्ट्रीय पहचान का प्रतीक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से धर्म, जाति, भाषा एवं क्षेत्र के आधार पर किसी भी प्रकार के भेदभाव से दूर रहने तथा आपसी प्रेम, भाईचारे, सहिष्णुता एवं सद्भाव को बढ़ावा देने की अपील की।

असिस्टेंट प्रोफेसर सहरयार ने कहा कि भारतीय संविधान केवल कानूनी प्रावधानों का संग्रह नहीं, बल्कि स्वतंत्रता आंदोलन के संघर्षों, बलिदानों, लोकतांत्रिक विचारों एवं सामाजिक न्याय की आकांक्षाओं का प्रतीक है। संविधान निर्माताओं ने देश की सामाजिक, सांस्कृतिक, धार्मिक एवं भाषाई विविधताओं को ध्यान में रखते हुए ऐसा संविधान तैयार किया, जो प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता एवं न्याय की गारंटी देता है।

वहीं, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. आकिब ने भारतीय संविधान के मूल तत्वों एवं उसकी मूल भावना पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान की आत्मा न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता के सिद्धांतों में निहित है। ये चारों मूल्य भारतीय लोकतंत्र की मजबूत नींव हैं। संविधान की प्रस्तावना में निहित आदर्श प्रत्येक नागरिक को सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक न्याय के साथ विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म एवं उपासना की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने का संकल्प व्यक्त करते हैं।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने संविधान की गरिमा बनाए रखने, लोकतांत्रिक परंपराओं का सम्मान करने तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में डॉ. अफजाल अहमद, डॉ. नदीम अहमद, डॉ. शोएब अजीज, डॉ. नवी हसन, डॉ. अल्ताफ अहमद, डॉ. जियाउल हसन खान सहित महाविद्यालय के समस्त शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन संयोजक प्रो. आसिफ कमाल के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *