आजमगढ़। जल्द ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छाऊं के दिन बहुरेंगे। इसके लिए शासन से 59.38 लाख का बजट स्वीकृत हुआ है। इससे सीएचसी में डिजिटल एक्स रे, अल्ट्रा सोनोग्राफी समेत अन्य कई जांच की मशीने यहां लगाई जाएगी और एक रोगी वाहन भी मुहैया कराया जाएगा। फार्मासिस्ट और एक डॉक्टर के भरोसे संचालित सीएचसी में सुविधाएं बढ़ेगी।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छांऊ का संचालन चार फरवरी 2022 से हो रहा है। यहां वर्तमान में फार्मासिस्ट छोटे लाल गौतम के भरोसे ही इसका संचालन किया जा रहा है। अब तक यहां अधीक्षक समेत किसी भी डॉक्टर की तैनाती नहीं हो सकी थी। बीते शनिवार को यहां डॉ. पंकज राय ने पदभार ग्रहण कर लिया है। वहीं अधीक्षक के रूप में फूलपुर सीएचसी पर तैनात डॉक्टर को भेजा गया है। जिन्होंने अभी पदभार ग्रहण नहीं किया है। वहीं कर्मचारियों की बात की जाए तो दो नर्स, एक वार्डब्वाय व एक फार्मासिस्ट के रूप में छोटे लाल गौतम की तैनाती है। फार्मासिस्ट ने बताया कि प्रतिदिन 70 से 80 मरीजों की ओपीडी होती है। अधीक्षक के न होने से अभी यहां के लिए दवा कभी बढ़या, कभी मोहम्मदपुर तो कभी रानी की सराय से मंगानी पड़ती है। फिलहाल इसका रजिस्ट्रेशन भी पूरा नहीं हुआ है। वहीं शासन ने अब इस सीएचसी की साज-सज्जा के लिए संसाधन उपलब्ध कराने को बजट मुहैया करा दिया है। जल्द ही यहां 25 केवीए का जेनरेटर, डिजिटल एक्स रे मशीन, अल्ट्रा सोनोग्राफी मशीन, आटोमेटेड एचबी एनालाइजर मशीन, कोएग्लोमीटर, ईएसआ एनालाइजर, यूरीन एनालाइजर, इलेक्ट्रेालाइट एनालाइजर मशीने लगेंगी। इसके साथ ही इस अस्पताल पर एक रोगी वाहन भी तैनात किया जाएगा। इस सीएचसी के पूरी तरह से काम शुरू कर देने पर क्षेत्र की एक लाख से अधिक की आबादी को लाभ मिलेगा।शासन से मिले संसाधनों के बाबत अभी मुझे जानकारी नहीं है। जहां तक सीएचसी छाऊं पर डॉक्टरों की तैनाती की बात है तो कुछ डॉक्टरों को वहां तैनात किया गया है। जल्द ही इस सीएचसी पर जरूरी मानव संसाधन की तैनाती कर दी जाएगी।
डॉ. आईएन तिवारी, सीएमओ, आजमगढ़
