दो दिनों बाद भी नहीं पकड़ में आया पाइप लाइन में घुसा तेंदुआ
तहबरपुर थाना क्षेत्र के नैपुरा गांव से गुजरे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के पास रविवार सुबह यूपीडा की टीम ने तेंदुआ दिखा था। जिसकी सूचना के बाद वन विभाग के साथ ही पुलिस व प्रशासनिक टीम मौके पर डेरा डाले हुए है। दो दिन बीत जाने के बाद भी तेंदुआ पकड़ा नहीं जा सका है और टीम पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के पाइप लाइन के मुहाने पर लोहे का पिजड़ा लगा कर उसके बाहर निकलने का इंतजार कर रहा है। सोमवार शाम वन संरक्षण अधिकारी गोरखपुर भी मौके पर पहुंचे और मुआयना करने के साथ ही जरूरी निर्देश दिए।
जिले में एक पखवारे से तेंदुआ का आतंक देखने को मिल रहा है। पहले तेंदुआ अहरौला थाना क्षेत्र में देखा गया था। फिर गायब हो गया। उस बार तेंदुआ के होने की कोई पुष्टि न होने का दावा वन विभाग के जिम्मेदारों ने किया था। रविवार को पूर्वांचल एक्सप्रेस वे की टीम निरीक्षण कर रही थी। इसी दौरान तहबरपुर थाना क्षेत्र के नैपुरा गांव के पास तेंदुआ देखा गया। टीम के एक सदस्य ने उसकी फोटो भी खींच ली। वन विभाग को सूचना दी गई, तो वन विभाग के साथ ही पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। टीम के पहुंचते ही तेंदुआ पास स्थित एक्सप्रेस वे के जल निकासी पाइप में घुस गया। इस पर टीम ने पाइप लाइन का एक मुहाना मिट्टी आदि डाल कर बंद करा दिया, तो दूसरे मुहाने पर लोहे का बड़ा पिजड़ा रख दिया गया। रात भर टीम मौके पर इतजार करती रही। इसके बाद भी तेंदुआ सोमवार की शाम तक बाहर नहीं निकला। सोमवार को भी मौके पर भीड़ जुट गई थी। वन विभाग का कहना था कि लोगों की मौजूदगी व शोरशराबा के चलते संभवत: तेंदुआ बाहर नहीं निकल रहा है। जिस पर पुलिस कर्मियों ने लाठियां भांज कर लोगों को मौके से खदेड़ दिया। इसके बाद यूपीडा ने सर्विल लेन वाले मार्ग पर रूट भी डायवर्ट करा दिया। देर शाम गोरखपुर की टीम भी वन संरक्षण अधिकारी बीसी ब्रह्मा के नेतृत्व में जिले में पहुंच गई। टीम ने मौका मुआयना करने के साथ ही जरूरी दिशा निर्देश भी स्थानीय वन अधिकारियों को दिया।
