आजमगढ़। फूलपुर कस्बे के लोहिया पार्क में रविवार की रात आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) की सामाजिक न्याय-संविधान बचाओ जनसभा हुई। राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि प्रदेश में बुलडोजर जाति, धर्म के नाम पर चल रहा है। मैं समझ रहा हूं इसमें पुलिस भी विवश है, सरकार के मनमाफिक नहीं करेंगे तो सस्पेंड कर दिये जाएंगे। उन्होंने कहा कि आज संविधान, लोकतंत्र खतरे में है। देश के दलितों, शोषितों, आदिवासी कमजोर वर्गों के लोगों को एक होकर डॉ. भीमराव भीमराव आंबेडकर, काशीराम के अधूरे सपनों को पूरा करना होगा। देश के हालात ठीक नहीं चल रहे हैं। लोकतंत्र, संविधान को अब बचाना जरूरी हो गया है। डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान को बदलने नहीं देंगे। सामाजिक न्याय संविधान-बचाओ जनसभा का मतलब ही यही है कि सभी कमजोर वर्ग के लोगों को एक साथ होकर सत्ता पक्ष में बैठे ऐसे लोगों को कुर्सी से उतार कर फेंक दें, जिनसे देश को खतरा है। जब तक सत्ता का घमंड तोड़ेंगे नहीं तब तक हम छोड़ेंगे नहीं। प्रदेश के मुख्यमंत्री अब दलित सम्मेलन करना शुरू कर दिए हैं। मिट्टी को पांच बार सजदा करने वालों से आज सर्टिफिकेट मांगा जा रहा है। पूंजीपतियों से कोई सवाल नहीं किया जा रहा है। शोषण हमेशा कमजोर का होता है। हमे एक जुट होने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इसी जिले के अहरौला क्षेत्र में मौर्य दंपति की हत्या कर दी गई। केशव प्रसाद मौर्य आए, लेकिन आज तक घटना का खुलासा तक नहीं हुआ। फिर दुबारा केशव प्रसाद नहीं आए। उन्होंने कहा कि उनकी रैली विफल करने का प्रयास किया गया। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष सुनील चितौड़, महासचिव डॉ. मोहम्मद आकिब, अब्दुल्लाह खान, विनय, अवनीश निगम आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *