4 वर्ष की नन्ही आद्या को विद्यालय प्रबंधन ने किया सम्मानित

ब्यूरो हामिद अली

गोण्डा। शुक्रवार को शहर के सर्कुलर रोड स्थित फातिमा स्कूल ने जिले का नाम रोशन करने वाली नन्ही आद्या को सम्मानित किया। विद्यालय प्रबंधन ने राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर सम्मान और आशीर्वाद समारोह आयोजित कर नन्ही आद्या मिश्रा, उसके पिता अरुण मिश्र और शिक्षिका नसरीन खान को सम्मानित किया ।

आपको बता दें जिले के न्यू इंदिरा नगर कॉलोनी में रहने वाली आद्या मिश्रा ने देश के सबसे कम उम्र की बच्ची द्वारा सबसे कम समय में भारत के संविधान के की प्रस्तावना सुनाने का रिकॉर्ड बनाया है। बच्ची ने महज 38.38 सेकंड में देश के संविधान की प्रस्तावना सुनाने का कीर्तिमान स्थापित किया है जिसके लिए इसका नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज हुआ है ।

फातिमा स्कूल में आयोजित सम्मान समारोह में प्रधानाचार्य फादर अरुन मोरस ने नन्ही आद्या के साथ साथ उसके पिता अरुण मिश्र सहित शिक्षिका नसरीन खान को सम्मानित किया। इस सम्मान के लिए आद्या के पिता ने विद्यालय प्रबंधन का आभार प्रकट करते हुए कहा की किसी बड़े अचीवमेंट पर बच्चे का सम्मान केवल उसको गौरवान्वित करने वाला नहीं होता है बल्कि उससे जुड़े समाज के प्रत्येक व्यक्ति को गौरवान्वित करने वाला होता है अगर हम बच्चों को सफल बनाना चाहते हैं तो सही समय पर उसके अंदर छुपे टैलेंट को पहचानना और उसे सही दिशा देना होगा और यह जिम्मेदारी अभिभावक के साथ ही शिक्षकों की भी है।

इस अवसर पर फादर अरुन मोरस ने कहा की बच्चों की सफलता के पीछे एक शिक्षक एवं माता-पिता का सबसे बड़ा हाथ होता है। रिकॉर्ड समय में संविधान की प्रस्तावना सुनाकर आद्या ने जिस प्रतिभा का परिचय दिया उस पर फातिमा परिवार गर्व महसूस कर रहा है। भविष्य में भी आद्या से प्रेरणा लेकर अन्य बच्चे भी अपने शिक्षकों एवं अभिभावकों के सहयोग से अपने हुनर एवं प्रतिभा से जिले एवं देश का नाम रोशन करते रहेंगे। प्रधानाचार्य ने सभी बच्चों को शुभकामनाएं दी एवं उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *