


आजमगढ़। माघ पूर्णिमा पर प्रयागराज महाकुंभ जाने वालों के लिए रोडवेज प्रशासन की ओर से बसों की पर्याप्त व्यवस्था की है। इस बार पूर्णिमा स्नान के लिए मंडल में कुल 270 बसों का संचालन किया जा रहा है। सोमवार को रोडवेज परिसर में प्रयागराज जाने वाले यात्रियों की भीड़ उमड़ी हुई थी।प्रयागराज में हुए हादसे के बाद जनपद से प्रयागराज जाने वालों की संख्या में काफी कमी आई थी। इसका परिणाम यह रहा कि बसें इधर से खाली जा रही थीं और उधर से यात्रियों को लेकर आ रही थीं, लेकिन माघी पूर्णिमा को लेकर एक बार फिर से लोगों में उत्साह देखने को मिल रहा है। रोडवेज प्रशासन ने श्रद्धालुओं को प्रयागराज महाकुंभ तक पहुंचाने के लिए 270 बसें लगाई गई हैं। जो श्रद्धालुओं को लेकर प्रयागराज जा रही है। जो बसें यात्रियों के न होने पर कुछ दिन पूर्व खाली प्रयागराज जा रही थी। अब उसमें यात्री नजर आने लगे हैं। इसे देख रोडवेज प्रशासन भी उत्साहित है। आजमगढ़ से सात डिपो का संचालन होता है। इसमें आजमगढ़ डिपो से 54, आंबेडकर नगर डिपो से 54, बलिया डिपो से 42, बेल्थरारोड डिपो से 29, दोहरीघाट डिपो से 35, मऊ डिपो से 34 और शाहगंज डिपो से 22 बसों का संचालन किया जा रहा है
हम प्रयागराज महाकुंभ में स्नान करने के जा रहे हैं। सनातन संस्कृति की रक्षा के लिए इतने बड़े पर्व का आयोजन हो रहा है। 144 साल बाद संगम में स्नान का पुण्य मिल रहा है तो हम कैसे पीछे रह सकते हैं।-आशुतोष राय, मऊ।
हमें महाकुंभ जाने से कोई डर नहीं लग रहा है। कुछ लोगों की साजिश से इतना बड़ा हादसा हुआ है। लेकिन संगम स्नान का जो पुण्य मिलने वाला उससे हम कैसे दूर रह सकते हैं। संजय पांडेय, बलिया
हादसे के बाद जनपद से यात्रियों का प्रयागराज जाना लगभग बंद हो गया था। लेकिन माघी पूर्णिमा को लेकर अब श्रद्धालु निकल रहे हैं। हमारे यहां से संचालित सात डिपो से कुल 270 बसें लगाई गई हैं। -मनोज वाजपेयी, आरएम रोडवेज।
