रौनापार थाना क्षेत्र के मीरा का पूरा गांव के पास मंगलवार की दोपहर कर्ज से परेशान सब्जी विक्रेता का शव पेड़ से लटकता मिला। इसकी जानकारी होने पर सनसनी फैल गई। मृतक के भाई ने सूदखोरों पर हत्या कर शव पेड़ से लटकाने का आरोप लगाया है। वह सोमवार अपराह्न घर से निकला था। शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रौनापार थाना क्षेत्र के टेकनपुर गांव के छपिया का पूरा निवासी राजकुमार यादव (42) पहले मुंबई में ट्रक चलता था। एक साल पहले वह घर आकर रहने लगा। खर्च चलाने के लिए उसने कांखभार बाजार में सब्जी की दुकान खोल ली थी। परिवारवालों के मुताबिक, उसने कई लोगों से कर्ज ले रखा था। सूदखोर उसे ब्याज के लिए प्रताड़ित करते थे। सोमवार की अपराह्न करीब तीन बजे राजकुमार अपना डीएल और अन्य कागजात लेकर घर से निकला था। देर शाम तक वह घर नहीं लौटा। परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे। मंगलवार की दोपहर करीब दो बजे घर से दो किलोमीटर दूर मीरा का पूरा गांव के पास शारदा सहायक खंड नहर के पास पेड़ से गमछे के सहारे उसका शव लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। राजकुमार के छोटे भाई अरविंद कुमार यादव ने बताया कि उसने कई लोगों से ढाई लाख रुपये कर्ज लिया था। सूदखोर रोज उसे ब्याज वसूलने के लिए प्रताड़ित करते थे। जिससे वह परेशान रहता था। ब्याज अधिक होने से लोग दबाव बना रहे थे। सूदखोर आए दिन घर पर आकर तगादा करते थे। सोमवार को दो लोग आए थे। मंगलवार की सुबह भी वही लोग आए। अरविंद ने बताया कि उन्हें नौ हजार रुपये दिए गए। इस पर सूदखोर और रुपये नहीं मिलने पर परिवार के लोगों को उठा कर ले जाने की धमकी देते हुए चले गए। अरविंद ने आरोप लगाया कि सूदखोरों ने उसके भाई की हत्या कर शव को लटका दिया। राजकुमार दो भाइयों में बड़े थे। उनके दो पुत्र व दो पुत्रिया हैं। घटना के बाद से मृतक की पत्नी शर्मिला देवी, माता उर्मिला देवी सहित परिवार के लोग रो-रो कर बेहाल हैं। रौनापार थानाध्यक्ष संजय कुमार पाल ने बताया कि राजकुमार सूदखोरों से परेशान था। उसने कई लोगों से कर्ज लिया था। तहरीर नहीं मिली है, मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर स्थिति स्पष्ट होगी।
