ब्यूरो देवेंद्र कुशवाहा
घोसी लोकसभा के सांसद राजीव राय इन दोनों सदन में पूरी ताकत से घोसी लोकसभा की बात उठाने में जुटे हैं। घोसी सांसद राजीव राय ने सदन में अपनी बात रखते हुए वहां मौजूद केंद्रीय रेल मंत्री के सामने मऊ रेलवे स्टेशन के निर्माण में व्याप्त भ्रष्टाचार तथा सईदी मार्ग के बदहाली का मुद्दा उठाया। घोसी सांसद ने शायराना अंदाज में अपनी बात शुरू करते हुए पिछले वादों को ना पूरा करने पर केंद्रीय रेल मंत्री को आड़े हाथों लिया।
घोसी सांसद राजीव राय ने अपने सांसद बनते ही किए गए मऊ रेलवे स्टेशन के निरीक्षण की बात का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय निरीक्षण के दौरान घोसी सांसद के संज्ञान में आया कि पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं है, ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों को स्टेशन पर ट्रेन के रुकने पर पीछे की बोगी वाले यात्रियों को पानी पीने हेतु सबसे आगे लगे ट्रेन के इंजन के पास पेयजल पीने हेतु आना पड़ता है, ऐसे में ट्रेन छूटने का खतरा बराबर बना रहता है। सांसद राजीव राय ने कहा, इस बाबत मैंने पत्र भी लिखा था, जिस पर कोई समुचित कार्यवाही अब तक नहीं की गई है। घोसी सांसद ने रेल मंत्री से मांग किया की मऊ रेलवे स्टेशन पर पेयजल की समुचित व्यवस्था की जाए। वहीं घोसी सांसद ने कोरोना काल से पूर्व पत्रकारों को रेल यात्रा के दौरान मिलने वाले विभिन्न छूटों का जिक्र किया , जिसको कोरोना कल के दौरान बंद कर दिया गया। राजीव राय ने पत्रकारों को मिलने वाली उन सुविधाओं को पुनः बहाल करने की मांग की।
घोसी सांसद राजीव राय ने सदन में बोलते हुए घोसी लोकसभा में कैंसर हॉस्पिटल खोलने की भी मांग की।
सदन में मौजूद रेल मंत्री तथा रेल राज्य मंत्री दोनों को इंगित करते हुए घोसी सांसद ने कहा कि मैं विभिन्न प्रस्ताव को आप तक भेजता हूं लेकिन आप द्वारा उसको पूरा करने में लगातार असमर्थता दी जाती है। घोसी सांसद ने कहा जब तक घोसी लोकसभा वासियों के लिए आप कुछ कर नहीं देते, शताब्दी ट्रेन, राजधानी ट्रेन, जैसी सुपरफास्ट ट्रेनों को मऊ से जोड़ नहीं देते, मैं इन मुद्दों को सदन में लगातार उठाता रहूंगा, क्योंकि मैं घोसी की जनता के प्रति जवाब देह हूं।
वहीं बुलेट ट्रेन का जिक्र करते हुए घोसी सांसद ने कहा कि घोसी लोकसभा क्षेत्र के निवासी भी बुलेट ट्रेन का किराया देने में सक्षम व समर्थ हैं, ऐसे में बुलेट ट्रेन का लाभ घोसी लोकसभा के निवासियों को भी मिलना चाहिए इस दिशा में सरकार प्रयास करे।
