आजमगढ़। दीदारगंज थाना क्षेत्र के चकशब्जपुर (शुकलपुरा) गांव निवासी एक महिला से नकली सोने के जेवर देकर ढाई लाख रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का खुलासा करीब एक माह बाद तब हुआ, जब महिला को जेवर नकली होने की जानकारी मिली। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता मालती देवी पत्नी सदानंद यादव ने बताया कि वह किसी मुकदमे की तारीख पर जिला मुख्यालय गई थीं। वापसी के दौरान कैफियात ट्रेन में उनकी मुलाकात गंभीरपुर थाना क्षेत्र के कामरावां गांव निवासी धर्मेंद्र पुत्र लालजीत से हुई। बातचीत के दौरान आरोपी ने अपनी बहन की शादी के लिए पैसों की जरूरत बताकर महिला को झांसे में लिया और उनका मोबाइल नंबर ले लिया।

आरोप है कि लगभग एक माह पूर्व धर्मेंद्र महिला के घर पहुंचा और भरोसा जीतकर नकली सोने के जेवर को असली बताकर दिखाया। इसके बदले उसने ढाई लाख रुपये नकद ले लिए और वहां से चला गया। करीब एक माह बाद जब महिला ने जेवर की जांच कराई तो वह नकली निकला, जिसके बाद ठगी का मामला उजागर हुआ।

पीड़िता ने दीदारगंज थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपी की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *