लोनी। बॉर्डर थाना क्षेत्र के राजीव गार्डन कॉलोनी में सोमवार शाम तेज रफ्तार कार ने बुजुर्ग महिला, पिता, दो पुत्र समेत पांच लोगों को टक्कर मार दी। सड़क किनारे खड़ी दो गाड़ियों में भी टक्कर मारी। एक गाड़ी टक्कर लगने से नाले में गिर गई। टक्कर लगने पर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने कार सवार दो युवकों को पकड़ लिया
राजीव गार्डन कॉलोनी में सुनील परिवार के साथ रहते हैं। सोमवार को सुनील के दो बेटे यश (9) और आशीष (12) ट्यूशन जाने के लिए घर से निकले थे। गली के बाहर सुनील खड़े थे। तीनों एक दूसरे के साथ बात करने लगे। तभी एक तेज रफ्तार टैक्सी कार आई और खंभे में टक्कर मारती हुई पिता पुत्रों को टक्कर मार गई। इसके बाद कार चालक ने सड़क किनारे खड़ी दो गाड़ियों को भी टक्कर मार दी। इनमें से एक गाड़ी नाले में गिर गई। गाड़ी में टक्कर मारने के बाद कार चालक ने सड़क किनारे सब्जी की ठेली में टक्कर मारी। ठेली लगाकर खड़ी बुजुर्ग महिला ने नाले में कूद कर अपनी जान बचाई जिसके बाद टैक्सी कार उछलती हुई जमीन पर गिर गई। तभी आसपास के लोग वहां एकत्रित हो गए। उन्होंने कार चालकों को पकड़कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं कार सवार दो युवकों को पकड़ लिया। दोनों कार सवार युवक नशे में धुत थे। पुलिस ने बुजुर्ग महिला भगवान देवी निवासी संगम विहार को दो नंबर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया। पिता सुनील और दोनों पुत्रों यश और आशीष को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया। एसीपी रवि प्रकाश सिंह ने बताया कि आशीष और भगवान देवी को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। यश और सुनील के भी गंभीर चोट नहीं है। दोनों कार सवार युवकों को पकड़ कर पूछताछ की जा रही है। कार में कितने लोग थे और कहां से आ रहे थे। इसकी जांच की जा रही है।
