आजमगढ़: जनपद के जीयनपुर थाना क्षेत्र के नौसहरा गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां रेलवे में लोको पायलट के पद पर कार्यरत दुर्गेश कुमार (30 वर्ष) की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
मृतक के भाई अजीत कुमार ने थाना जीयनपुर में तहरीर देकर गणेश यादव, अजय यादव, शेरू यादव, गोविन्द यादव और ज्ञानेन्द्र मिश्रा निवासी बाजार खास जीयनपुर पर हत्या और मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया गया कि दुर्गेश रेलवे की पीईटी परीक्षा देने के लिए घर आया था।
अजीत कुमार ने बताया कि 07 सितंबर की शाम करीब 5:48 बजे दुर्गेश ने मोबाइल से फोन कर सूचना दी कि आरोपियों ने उन्हें बेरहमी से मारपीट कर खेत के पास फेंक दिया है। दुर्गेश ने यह भी बताया कि चलने में असमर्थ हैं।
सूचना मिलते ही अजीत और उनकी चाची पुष्पा देवी मौके पर पहुंचे और घायल दुर्गेश को अमीना तिब्बिया हॉस्पिटल, जीयनपुर ले गए। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल ले जाते समय दुर्गेश ने खुलासा किया कि आरोपियों ने उन्हें बेरहमी से पीटा और इसी बीच ज्ञानेंद्र मिश्रा ने कोई दवा पिलाई, यह कहते हुए कि वह ठीक हो जाएंगे। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दुर्गेश को मृत घोषित कर दिया।
अजीत ने यह भी आरोप लगाया कि हमलावर दुर्गेश का मोबाइल फोन छीन ले गए।
अजीत कुमार के अनुसार, 25 अगस्त को दिन में करीब 11 बजे आरोपी उनके घर आए थे और दुर्गेश को जान से मारने की धमकी दी थी।
घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। परिजनों में गहरा आक्रोश है और उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
