आज़मगढ़। स्वच्छ भारत अभियान के तहत जनपद में डेंगू और मलेरिया के बढ़ते प्रकोप से निस्तारण पाने के लिए विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। जिला पंचायत राज अधिकारी पवन कुमार के आदेश क्रम में सभी विकास खंडों की ग्राम पंचायतों में सफाई कर्मियों को सक्रिय किया गया है।

इसी क्रम में शुक्रवार 3 अक्टूबर 2025 को सहायक विकास अधिकारी पंचायत राम आशीष सिंह की देखरेख और ग्राम प्रधान के नेतृत्व में ग्राम पंचायत एकरामपुर, विकासखंड पल्हनी में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान ग्रामीण सफाई कर्मचारियों गुलाब चौरसिया, अभय चौहान और मनोरमा ने नाला-नाली की सफाई, घास की कटाई और झाड़ू लगाकर पूरे गाँव को स्वच्छ बनाने का प्रयास किया।

सफाई कर्मियों ने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए कहा कि अपने घर के आसपास स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें, पानी जमा न होने दें और समय-समय पर साफ-सफाई करें। उन्होंने बताया कि यह प्रयास डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों पर नियंत्रण पाने में मदद करेगा।

स्वच्छ भारत मिशन के तहत चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *