आजमगढ़। सर्दियों के मौसम में जरूरतमंद लोगों के लिए नगर पालिका प्रशासन पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है। नगर पालिका अध्यक्ष सरफ़राज़ आलम ने बताया कि शहर के प्रमुख स्थानों पर सफाई एवं व्यवस्था को लेकर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
अध्यक्ष ने कहा कि दो प्रमुख स्थलों — जिला अस्पताल परिसर और कलेक्ट्रेट परिसर — पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। कलेक्ट्रेट परिसर में कुछ स्थानों पर गंदगी की शिकायत मिली थी, जिसे तत्काल साफ कर व्यवस्थित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि जिम्मेदार अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि किसी भी स्थिति में लापरवाही न हो और सफाई व्यवस्था पूरी जिम्मेदारी से की जाए।
उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों और सामाजिक संस्थाओं का आभार जताते हुए कहा कि, “आप जैसे जागरूक लोग समाज की आँख हैं। आपकी नजर जब किसी कमी पर पड़ती है तो हम तक बात पहुँचती है और तत्काल सुधार भी हो जाता है। सभी लोग जागरूक रहेंगे तो जिम्मेदारियां निभाने में आसानी होगी।”
सरफ़राज़ आलम ने कहा कि नगर पालिका द्वारा हर वर्ष की तरह इस बार भी शहर की स्वच्छता, रोशनी और राहत सेवाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सर्दी के मौसम में जरूरतमंदों को राहत देने के लिए नगर पालिका की टीमें लगातार सक्रिय हैं और हर शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
