आजमगढ़। सेंट जेवियर्स हाई स्कूल, समेदा, आजमगढ़ में बुधवार को क्रिसमस डे का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विद्यालय के प्रबंधक श्री प्रशांत चंद्रा जी, आवासीय प्रबंधक श्री अनिरुद्ध जायसवाल जी, प्राचार्य श्री विनंजय शर्मा जी, उप-प्रधानाचार्या श्रीमती संगीता राय जी एवं समन्वयक श्री कुनाल गुप्ता जी द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।

नन्हे-मुन्ने बच्चों ने नृत्य, नाटक एवं गीतों की सुंदर प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम के दौरान सांता क्लॉज का आगमन बच्चों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। सांता क्लॉज ने छात्रों को उपहार वितरित किए, वहीं सांता बने बच्चों ने विद्यालय परिसर में घूम-घूमकर चॉकलेट व गिफ्ट बांटे, जिससे बच्चे अत्यंत उत्साहित एवं प्रसन्नचित्त नजर आए।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक श्री प्रशांत चंद्रा जी ने बच्चों की सराहना करते हुए कहा कि 25 दिसंबर को प्रभु यीशु मसीह का जन्म दिवस पूरी दुनिया में प्रेम, भाईचारे और खुशियों के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है। क्रिसमस का सच्चा संदेश आपसी प्रेम, सद्भाव और खुशियां बांटना है।

वहीं प्राचार्य श्री विनंजय शर्मा जी ने कहा कि नन्हे-मुन्ने बच्चे ही देश का भविष्य हैं। यही बच्चे आगे चलकर शिक्षक, चिकित्सक, वैज्ञानिक बनकर समाज और जिले का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को अच्छी शिक्षा देने का आह्वान किया, ताकि उनका भविष्य उज्ज्वल बन सके।

कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं सामूहिक प्रसन्नता के वातावरण के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *