हरबंशपुर (आजमगढ़)।
हरबंशपुर स्थित सर्वोदय पब्लिक स्कूल के प्रांगण में बुधवार, 24 दिसंबर 2025 को ईसा मसीह के जन्म दिवस के अवसर पर भव्य क्रिसमस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने ईसा मसीह के जन्म प्रसंग को नाट्य रूप में प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा क्रिसमस पर्व पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम के दौरान सैंटा क्लॉज द्वारा बच्चों को उपहार वितरित किए गए, जिससे बच्चों में विशेष उत्साह और खुशी देखने को मिली।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था के संस्थापक एवं प्रबंधक श्री राजेन्द्र प्रसाद यादव ने कहा कि क्रिसमस का पर्व आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश देता है। हमें ईसा मसीह के आदर्शों को अपनाकर जीवन में आगे बढ़ना चाहिए, जिससे सर्वांगीण विकास संभव हो सके।
वहीं विद्यालय के उप-प्रधानाचार्य श्री संजय कुमार विश्वकर्मा ने कहा कि क्रिसमस एकजुटता और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। हमें ईसा मसीह के आदर्शों पर चलकर समाज के सभी वर्गों के हित में कार्य करना चाहिए।
इस अवसर पर विद्यालय के समस्त अध्यापकगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में हुआ।
