संवाददाता अश्वनी पाठक
अंबेडकर नगर/आजमगढ़।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-28 स्थित पासीपुर रसूलपुर के पास बुधवार की शाम सड़क दुर्घटना में 35 वर्षीय किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान विजय कुमार वर्मा (35) पुत्र स्वर्गीय जयराम, निवासी प्रतापपुर रुपए पट्टी, थाना राजेश सुल्तानपुर, जनपद अंबेडकर नगर के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विजय कुमार वर्मा बुधवार की शाम लगभग 7:00 बजे अपनी छोटी बहन खुशबू (निवासी तबरपुर महुआरी, कप्तानगंज) के घर से बाइक द्वारा अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पासीपुर रसूलपुर के समीप उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों द्वारा उन्हें तत्काल रानीपुर कस्बा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला चिकित्सालय सदर रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने शाम 8:30 बजे विजय कुमार वर्मा को मृत घोषित कर दिया।
मृतक पेशे से किसान थे। उनके परिवार में पत्नी विंध्यवासिनी, दो पुत्रियां और एक पुत्र हैं। अचानक हुई इस दुर्घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है तथा गांव में शोक की लहर व्याप्त है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर आगे की विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
