आजमगढ़ कलाकार संगठन एवं ब्लू नाइट म्यूजिकल ग्रुप के 30 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में होटल गोल्डन फॉर्चून में एक ऐतिहासिक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संगठन के अध्यक्ष राजेश रंजन ने जानकारी देते हुए बताया कि संगठन के स्थापना दिवस के मौके पर 11 जनवरी को नेहरू हाल, आजमगढ़ में दिन में 3:00 बजे से भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम, कवि सम्मेलन एवं मुशायरा आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आजमगढ़ कलाकार संगठन विगत 30 वर्षों से स्थानीय कलाकारों के उत्थान और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर सांस्कृतिक कार्यक्रम, कवि सम्मेलन और संगीत संध्याओं का आयोजन करता आ रहा है।
इस ऐतिहासिक कवि सम्मेलन व मुशायरे का कुशल संचालन प्रसिद्ध साहित्यकार एवं संचालक श्री संजय कुमार पांडे ‘सरस’ द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में देश की मशहूर शायरा हिमांशी बावरा (मेरठ/मुंबई) एवं प्रसिद्ध शायर अल्ताफ जया (मुंबई) आजमगढ़ पहुंच रहे हैं, जिन्होंने देश-विदेश में हिंदी साहित्य के माध्यम से अपनी विशेष पहचान बनाई है।
कार्यक्रम में जनपद के वरिष्ठ कलाकार अपने गायन व संगीत के माध्यम से प्रस्तुति देंगे तथा गीत-संगीत, समाज और साहित्य से जुड़े वरिष्ठ एवं स्थानीय कलाकारों को सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार यह सम्मेलन साहित्य और संस्कृति के क्षेत्र में जनपद के लिए एक ऐतिहासिक आयोजन साबित होगा।
