आजमगढ़।
मकर संक्रांति के पावन अवसर पर विकासखंड पल्हनी, जनपद आजमगढ़ में ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ द्वारा खिचड़ी मिलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान खंड विकास अधिकारी को अंगवस्त्र, पेन व डायरी भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही दाना-भेली, चूड़ा, गट्टा व खिचड़ी भोज कराकर आशीर्वाद प्राप्त किया गया।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी ने कहा कि ग्रामीण सफाई कर्मचारियों का कार्य अत्यंत सराहनीय है। स्वच्छता के क्षेत्र में आप सभी जिस निष्ठा और लगन से कार्य कर रहे हैं, उसके लिए जितनी भी प्रशंसा की जाए कम है। उन्होंने सभी से अपने विकासखंड व जनपद का नाम रोशन करते रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सहायक विकास अधिकारी पंचायत जय सिंह को भी अंगवस्त्र, पेन व डायरी देकर सम्मानित किया गया। मकर संक्रांति के अवसर पर उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को खिचड़ी की शुभकामनाएं दीं तथा दाना-भेली, चूड़ा व लड्डू खिलाकर पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाया।
कार्यक्रम में ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष सीपी यादव, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष गुलाब चौरसिया, ब्लॉक अध्यक्ष रमेश कुमार यादव, मंत्री बाबूराम, सेक्टर प्रभारी राज बहादुर चौधरी, अनिल कुमार, कोऑर्डिनेटर विवेक सिंह, विपिन कुमार, सुरेश प्रजापति, सुरेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे।
