आजमगढ़ कलाकार एसोसिएशन व ब्लू नाइट ऑर्केस्ट्रा के सहयोग से साहू समाज ने कराया आयोजन, कलाकारों ने बांधा समां

आजमगढ़। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर लाल डिग्गी बांध स्थित श्री राम जानकी मंदिर लाल डिग्गी बांध परिसर में साहू समाज द्वारा भव्य शिव जागरण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन आजमगढ़ कलाकार एसोसियेशन एवं ब्लू नाइट ऑर्केस्ट्रा के सहयोग से संपन्न हुआ, जिसमें जागरण ग्रुप की टीम को आमंत्रित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत पूर्वांचल के लोकप्रिय गायक एवं फिल्म अभिनेता राजेश रंजन को चंदन तिलक लगाकर मंच पर आमंत्रित करने के साथ हुई। उन्होंने भगवान श्री गणेश की स्तुति से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मंदिर परिसर में उपस्थित साहू समाज के श्रद्धालुओं ने तालियों और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना दिया।

राजेश रंजन ने “हे शंभू तेरी इच्छा से दरबार तुम्हारे आए हैं…” जैसे भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। वहीं मुंबई से आए गायक कलाकार कपिल मौर्य ने भी अपनी मधुर आवाज में भजन प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। गायक कलाकार विकास चौरसिया ने “भोले बाबा के नगरिया में…” सहित कई लोकप्रिय भजन सुनाकर श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया।

कार्यक्रम के दौरान भक्तगण भजनों पर झूमते रहे और तालियों से कलाकारों का उत्साहवर्धन करते रहे। आयोजन में धीरेंद्र साहू, कैलाश अवधारणा, अनूप गुप्ता, दीनानाथ गुप्ता, जितेंद्र साहू, त्रिवेणी, सोनू वर्मा सहित बड़ी संख्या में शिव भक्त उपस्थित रहे।

संगीत वाद्य यंत्रों पर इंद्रदेव गुप्ता, पंकज मिश्रा, बबलू अंग, जयनाथ विश्वकर्मा ने संगत कर भजनों को और आकर्षक बनाया। ध्वनि संचालन बृजेश मौर्य द्वारा किया गया।

कार्यक्रम के अंत में भगवान गणेश, भगवान शिव एवं प्रभु श्रीराम की आरती कर प्रसाद वितरण किया गया। साहू समाज के पदाधिकारियों ने सभी कलाकारों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। पूरा मंदिर परिसर देर रात तक भक्ति रस में सराबोर रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *