आजमगढ़, 28 फरवरी। शिब्ली नेशनल कॉलेज के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) का सात दिवसीय विशेष शिविर शुक्रवार को प्राचार्य प्रो. अफ़सर अली के निर्देशन में सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया। शिविर की प्रथम इकाई प्राथमिक विद्यालय मंचोभा तथा द्वितीय इकाई प्राथमिक विद्यालय ककरहटा में आयोजित की गई।
समापन समारोह में राष्ट्रीय वॉलीबॉल रेफरी अफ़ज़ल हुसैन, राष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी शरफुद्दीन अहमद, ग्राम प्रधान ककरहटा श्री अब्दुल मन्नान, ग्राम प्रधान मंचोभा श्री सुनील एवं संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत फूल मालाओं से किया गया।
इस अवसर पर स्वयंसेवक/सेविकाओं ने नशा मुक्ति, दहेज प्रथा के दुष्परिणाम, सड़क सुरक्षा, बेटियों की शिक्षा एवं स्वच्छता जैसे सामाजिक विषयों पर प्रभावशाली भाषण और जागरूकता गीत प्रस्तुत किए। इसके उपरांत दोनों गांवों में जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें ग्रामीणों को मतदान, नागरिक कर्तव्यों एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आसिम खान ने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला, जबकि डॉ. मीसम अब्बास ने विद्यार्थियों को प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. ज़फ़र आलम ने किया। व्यवस्थाओं में डॉ. नसीम, श्री मोहम्मद आसिफ सहित अन्य सहयोगियों का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही। अंत में विद्यार्थियों ने सामूहिक भोज ग्रहण कर शिविर का औपचारिक समापन किया।
