आजमगढ़/मेहनगर। इंडियन पैरामेडिकल एसोसिएशन (IPA) के पदाधिकारियों ने मेहनगर की विधायक पूजा सरोज से मुलाकात कर अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। एसोसिएशन ने इंटरमीडिएट पास अभ्यर्थियों को शिक्षामित्र के पद पर नियुक्त किए जाने का उदाहरण देते हुए कहा कि पैरामेडिकल कोर्स पूरा कर चुके युवाओं को भी प्राथमिक उपचार एवं स्वास्थ्य सेवाओं में समायोजित किया जाए।

पदाधिकारियों ने कहा कि कोरोना काल के दौरान जब कई बड़े अस्पतालों और निजी क्लीनिकों में सेवाएं बाधित रहीं, उस समय पैरामेडिकल कर्मियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों का उपचार किया और मरीजों की सेवा की। ऐसे में सरकार को उनके योगदान को देखते हुए उन्हें “चिकित्सा मित्र” या प्राथमिक उपचार सहयोगी के रूप में नियुक्त करने पर विचार करना चाहिए।

एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने बताया कि इस संबंध में जिलाधिकारी को भी ज्ञापन दिया गया है, लेकिन अब तक कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है। इसलिए वे विधायक के माध्यम से अपनी बात विधानसभा में उठाने की मांग कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यदि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो एसोसिएशन की बैठक कर आगे की रणनीति बनाई जाएगी और अपनी बात प्रदेश के मुख्यमंत्री तक पहुंचाई जाएगी।

विधायक पूजा सरोज ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को गंभीरता से संबंधित विभाग तक पहुंचाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *