आजमगढ़, 09 मार्च।
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश तथा जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं के कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन बड़ौदा यूपी ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय में किया गया। यह कार्यक्रम बड़ौदा यूपी ग्रामीण बैंक और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ।
इस वर्ष की थीम “महिला सशक्तिकरण एवं समान अधिकार” को केंद्र में रखते हुए कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आजमगढ़ की सचिव नितिका राजन ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महिलाओं के कानूनी अधिकारों, घरेलू हिंसा से संरक्षण, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न की रोकथाम, बाल विवाह निषेध, दहेज प्रतिषेध अधिनियम तथा निःशुल्क विधिक सहायता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक महिला को न्याय तक समान और सरल पहुंच सुनिश्चित करना हमारा दायित्व है। साथ ही उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में भी जागरूक किया गया। उन्होंने बताया कि किसी भी महिला को निःशुल्क विधिक सहायता की आवश्यकता होने पर इस हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर कानूनी सलाह प्राप्त की जा सकती है। इसके अलावा महिला स्वयं या डाक के माध्यम से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में प्रार्थना पत्र भेजकर भी सहायता प्राप्त कर सकती है।
इस अवसर पर बड़ौदा यूपी ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक, महिला चिकित्सक, लीगल एड डिफेंस काउंसिल के सदस्य तथा बैंक की महिला अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
