आजमगढ़। नवरात्र के महा अष्टमी के अवसर पर जनपद में स्वच्छ भारत मिशन के तहत विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया गया। मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटन के निर्देश पर विकासखंडों की सभी ग्राम पंचायतों में व्यापक स्तर पर सफाई कार्य कराया गया।

जिला पंचायत राज अधिकारी पवन कुमार के निर्देशन में ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने गांव-गांव में साफ-सफाई करते हुए लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। लोगों से अपील की गई कि वे अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखें, जिससे बीमारियों पर नियंत्रण पाया जा सके।

दिनांक 26 मार्च 2026 को विकासखंड पल्हनी के ग्राम पंचायत कोल पांडे में सहायक विकास अधिकारी पंचायत के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया गया। जहां मां दुर्गा की स्थापना स्थल के आसपास, सड़कों के किनारे, नालियों की सफाई, कचरा निस्तारण, झाड़ू लगाने के साथ-साथ दवा का छिड़काव भी किया गया।

इस दौरान संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया गया, ताकि मौसमी बीमारियों के प्रकोप को रोका जा सके। कार्यक्रम में गुलाब चौरसिया, अभय चौहान, इश्तियाक सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

प्रशासन ने कहा कि स्वच्छता ही स्वस्थ जीवन की कुंजी है और इसे अपनाकर ही हम बीमारियों से बचाव कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *