डीएम के प्रस्तावित दौरे से पहले ग्राम पंचायत में व्यापक साफ-सफाई, चुना छिड़काव व घास कटाई
आजमगढ़। स्वच्छ भारत मिशन के तहत जनपद में स्वच्छता को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिला पंचायत राज अधिकारी के निर्देश पर विकासखंड पल्हनी के अंतर्गत ग्राम पंचायत उकरौरा में शनिवार को व्यापक साफ-सफाई अभियान चलाया गया।
दिनांक 4 अप्रैल 2026 को आयोजित इस अभियान में ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई की। जहां जिलाधिकारी के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए रोड के दोनों पटरी पर झाड़ू लगाई गई, घास की कटाई की गई तथा चुना का छिड़काव कर कचरे का निस्तारण किया गया।
ग्राम पंचायत अधिकारी एवं ग्राम प्रधान की देखरेख में चलाए गए इस अभियान का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में फैल रहे विभिन्न रोगों पर नियंत्रण पाना है। वर्तमान में चल रहे मौसमी बीमारियों के प्रकोप को ध्यान में रखते हुए स्वच्छता पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
इस अवसर पर मौजूद लोगों ने “मेरा ग्राम पंचायत, मेरा जनपद, मेरा प्रदेश स्वच्छ और सुंदर बने” का संदेश देते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया। अभियान में जिला अध्यक्ष सीपी यादव, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष गुलाब चौरसिया, रामाश्रय कुमार, उमेश यादव, हरेंद्र यादव, विनोद कुमार, विनोद राम, राजेश कुमार, दुकांति, सुरेश यादव, बृजेश चौहान, मूलचंद चौहान, भगवान मौर्य सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
