आजमगढ़। जिले का बरदह थाना क्षेत्र हादसों का हॉट स्पाट सा बन गया है। आजमगढ़-जौनपुर मार्ग पर बीते 48 घंटों में छह लोगों की जान चली गई। वहीं चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें तीन की हालत गंभीर बनी हुई है।हादसों के हॉट स्पॉट बने इस क्षेत्र में पहली घटना शनिवार की देर शाम आठ बजे के आसपास हुई। जिसमें जौनपुर की तरफ से आ रही एक कार सड़क किनारे दुकानों पर खरीदारी कर रहे पांच लोगों को अपनी चपेट में लेने के बाद बरदह चौराहे पर पहुंच कर पलट गई। इस हादसे में मनीष सरोज (26), धर्मेंद्र सरोज उर्फ डब्बू (40) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अरविंद प्रियांशु व मनीष गौतम गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों की हालत अभी गंभीर बनी हुई है। दो का जौनपुर तो एक का वाराणसी अस्पताल में इलाज चल रहा है। इसी रात बकेश गेट के पास एक दूसरी घटना हुई। इसमें बरदह के जिवली बाजार से तिलकोत्सव में शामिल होकर लौट रहे बाइक सवार शोभनाथ सिंह (40), पदमनाथ सिंह (50) व शिवांश सिंह (8) निवासी मेहनाजपुर की अनियंत्रित कार की चपेट में आकर मौत हो गई। बाइक सवार तीनों हेलमेट नहीं पहने हुए थे। वहीं कार चल रहे लोग ओवर स्पीड थे। कोहरे के चलते बाइक सवार कार की चपेट में आए। इसके बाद कार सवार लोग मौके पर ही कार छोड़ कर फरार हो गए। वहीं, एक अन्य हादसा रविवार को दिन में ठेकमा बाजार स्थित पोस्ट आफिस के पास हुआ। ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान बाइक सवार सचिन (27) का जैकेट ट्रक में फंस गया, जिससे वह गिर कर ट्रक के पहियों के नीचे आ गया और उसकी मौके पर मौत हो गई।
