आजमगढ़ में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान सुधाकर पाठक के रूप में हुई है, जो मनरा सराय क्षेत्र में ई-कार्ट में कार्यरत थे। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों के अनुसार, 16 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 10 बजे सुधाकर पाठक घर से निकले थे। शाम करीब 4:15 बजे उनकी पत्नी पूजा ने मोबाइल पर संपर्क किया तो किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन उठाया और खुद को अलग-अलग स्थानों पर बताते हुए बाद में मोबाइल बंद कर दिया।
कुछ देर बाद सूचना मिली कि पुराने जेल के सामने पावर हाउस के पीछे बंधे के किनारे एक लावारिस शव मिला है। मृतक के बड़े भाई पदमाकर पाठक, जो पेशे से पत्रकार हैं, मौके पर पहुंचे। बाद में मीडिया के जरिए मिली तस्वीर से शव की पहचान सुधाकर पाठक के रूप में हुई।
अगले दिन 17 अप्रैल को सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। परिजनों का आरोप है कि शव का चेहरा काला पड़ा था, चेहरे और गले पर खरोंच के निशान थे तथा नाक से खून बह रहा था। इससे परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
मृतक के पिता संजय कुमार पाठक ने उत्तर प्रदेश पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
