मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश पर ग्राम पंचायतों में सफाई कर्मियों ने चलाया अभियान, लोगों को किया जागरूक

आजमगढ़, 22 अप्रैल 2026

संचारी रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण के उद्देश्य से आजमगढ़ जनपद में विशेष स्वच्छता अभियान तेज़ी से चलाया जा रहा है। मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश तथा जिला पंचायत राज अधिकारी पवन कुमार के मार्गदर्शन में विकासखंड के सभी ग्राम पंचायतों में ग्रामीण सफाई कर्मचारियों द्वारा व्यापक सफाई कार्य किया जा रहा है।

इसी क्रम में विकासखंड पल्हनी के ग्राम पंचायत मुंडा में बुधवार को विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान सफाई कर्मियों ने नालियों और नालों की सफाई की, कचरा हटाया तथा झाड़ू लगाकर पूरे क्षेत्र को स्वच्छ बनाने का प्रयास किया। साथ ही पॉलिथीन एकत्र कर बोरे में भरकर उचित स्थान पर निस्तारण के लिए रखा गया।

अभियान के तहत दवा का छिड़काव भी किया गया, जिससे मच्छरों एवं अन्य रोग फैलाने वाले जीवों पर नियंत्रण पाया जा सके। सफाई कर्मियों ने आसपास के लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि साफ-सफाई अपनाकर ही संचारी रोगों से बचा जा सकता है।

“मेरा गांव, मेरा बाजार, मेरा मोहल्ला—मेरा देश स्वच्छ और सुंदर रहे” के संकल्प के साथ अभियान को सफल बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इस मौके पर गुलाब चौरसिया, अभय चौहान, रागिनी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *