संचारी रोगों की रोकथाम को लेकर नाली सफाई, दवा छिड़काव और जनजागरूकता पर विशेष जोर
आजमगढ़। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत जनपद में स्वच्छता अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी के निर्देश पर सभी विकासखंडों की ग्राम पंचायतों में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में गुरुवार, 6 मई 2026 को विकासखंड पल्हनी के ग्राम पंचायत बाग लखराव में ग्राम प्रधान की देखरेख में संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत व्यापक सफाई कार्य किया गया। ग्रामीण सफाई कर्मचारियों द्वारा घास की कटाई, नालियों की सफाई, झाड़ू लगाकर कूड़ा निस्तारण तथा दवा का छिड़काव किया गया।
अभियान के दौरान सफाई कर्मियों ने ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए अपील की कि वे अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखें, जिससे मौसमी बीमारियों और संक्रमण से बचाव किया जा सके।
“मेरा गांव, मेरा जनपद, मेरा प्रदेश और मेरा देश स्वच्छ और सुंदर बने” के संकल्प के साथ यह अभियान पूरे जनपद में लगातार जारी है।
इस अवसर पर गुलाब चौरसिया, अभय चौहान, सुनील यादव, रामबचन, महेंद्र कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
